मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 201 महिला उद्यमियों को ब्याजमुक्त ऋण मिलने पर दी शुभकामनाएं, बुराड़ी में हुए विकास कार्यों का किया लोकार्पण
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में 201 महिला उद्यमियों से संवाद किया, जिन्हें सरकार की योजना के अंतर्गत अपने कारोबार को मजबूती देने के लिए ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने इन महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, “हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आर्थिक मजबूती ही महिला सशक्तिकरण की असली कुंजी है और इसी दिशा में ये योजनाएं काम कर रही हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक संगठनों की भागीदारी से इन प्रयासों को ज़मीन पर मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। बुराड़ी बाईपास से लेकर स्वरूप नगर तक का रास्ता रंग-बिरंगी सजावट से सुसज्जित किया गया था। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और सरकार के समर्थन में उत्साहपूर्वक नारे लगाए।
इस मौके पर सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, राजकुमार भाटिया, महापौर राजा इकबाल सिंह तथा नगर निगम के सदन नेता प्रवेश वाही सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य दयानंद, रवि बंसल और किरण चोपड़ा जैसे प्रतिष्ठित चेहरे भी इस आयोजन में शामिल हुए।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा क्षेत्र में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से बनी नई सीवर लाइनों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही एसपी-1 और एसपी-65 के बीच 11 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एसपी और टीपी ब्लॉक को जोड़ने वाली अन्य गलियों के निर्माण हेतु 91 लाख रुपये के टेंडर प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों को दीर्घकालिक लाभ दिलाने के लिए सभी निर्माण कार्य सुनियोजित रूप से किए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, वीपी और एफपी ब्लॉक में 54 लाख रुपये की लागत से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की पाइपलाइन परियोजना तथा जेपी और केपी ब्लॉक में 35 लाख रुपये से बनी नई आरएमसी सड़कों का उद्घाटन भी किया गया।
जेपी ब्लॉक में बच्चों के लिए 6 लाख रुपये की लागत से निर्मित विशेष खेल मैदान का लोकार्पण भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा। वहीं जेपी, केपी, एमपी और एलपी ब्लॉक में 1.35 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। जेडी ब्लॉक में 2 लाख रुपये की लागत से हाई-मास्ट लाइट लगाई गई है।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने घोषणा की कि क्षेत्र में 15 नए ‘आरोग्य मंदिर’ खोलकर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मैक्स अस्पताल के समीप स्थित वर्षों से खाली पड़ी इमारत को एक आधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में परिवर्तित किया जाएगा।
सभी ब्लॉकों में नई जलापूर्ति और सीवर पाइपलाइनें बिछाने का कार्य प्रारंभ किया गया है, ताकि सड़क निर्माण से पहले आधारभूत आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने प्रेमबाड़ी पुल से सिंगलपुर गांव तक सड़क चौड़ीकरण की परियोजना का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को इसे समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, एनएसपी-मधुबन चौक पर 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए यू-टर्न का भूमि पूजन कर शिलान्यास भी किया।

