गणेश चतुर्थी पर झल्लारा थाने में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, पुलिस परिवार ने किया भक्ति-भाव से पूजन
गणेश प्रतिमा की स्थापना के बाद थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला ने परंपरागत तरीके से गणपति जी का पूजन किया और पूरे पुलिस परिवार के कल्याण, सुख-समृद्धि और उन्नति की मंगलकामनाएँ कीं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और प्रथम पूज्य देव हैं, इसलिए हर शुभ कार्य की शुरुआत उन्हीं के नाम से होती है। पुलिसकर्मियों को भी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ समाज की सेवा करनी चाहिए।

पूजन के दौरान पूरे थाना परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंज उठे। पुलिसकर्मी और उनके परिजन भक्ति-भाव में लीन होकर आरती और भजनों में शामिल हुए। गणपति बप्पा की प्रतिमा आगामी 10 दिनों तक थाने में विराजमान रहेगी। इस दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम आरती एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें थाना स्टाफ और स्थानीय श्रद्धालु भी भाग ले सकेंगे।
यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं बल्कि पुलिस और समाज के बीच आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक भी बना। पुलिसकर्मियों ने इसे अपने परिवार जैसा आयोजन बताते हुए कहा कि ऐसे पर्व आपसी सहयोग, एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने का कार्य करते हैं।
थाना परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। पूजा के उपरांत प्रसाद वितरण हुआ और सभी ने मिलकर गणपति बप्पा से क्षेत्र में शांति, खुशहाली और अपराधमुक्त वातावरण की प्रार्थना की।

