पवन जैन पदमावत ने नव संवत्सर और राजस्थान दिवस पर दी शुभकामनाएं, समाज में जागरूकता और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
उदयपुर । एंटी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमेटी के मीडिया सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पदमावत मीडिया के प्रधान संपादक पवन जैन पदमावत ने नव संवत्सर और राजस्थान दिवस के पावन अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए समाज में एकता, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नव संवत्सर भारतीय परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जो नव ऊर्जा, नव विचार और नए संकल्पों के साथ जीवन को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। यह अवसर हमें अपने आचरण, विचार और कार्यों का आत्ममंथन कर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश देता है।
राजस्थान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पवन जैन पदमावत ने कहा कि यह दिन हमारे गौरवशाली इतिहास, शौर्य, त्याग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की याद दिलाता है। राजस्थान की धरती ने देश को अनेक वीर योद्धा, संत और महान व्यक्तित्व दिए हैं, जिनकी प्रेरणा से आज भी समाज आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता और जागरूकता की सबसे अधिक आवश्यकता है। भ्रष्टाचार और अपराध जैसी चुनौतियों से मुकाबला करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सजग रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। तभी हम एक सुरक्षित, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण कर सकेंगे।
पदमावत ने नागरिकों से अपील की कि वे नव संवत्सर के इस शुभ अवसर पर समाज सेवा, राष्ट्रहित और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा अपने आसपास सकारात्मक वातावरण का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होगा, तभी वास्तविक अर्थों में देश और समाज का समग्र विकास संभव हो सकेगा।
उन्होंने अंत में सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नव संवत्सर और राजस्थान दिवस की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं दी।

