ग्रामीण महिलाओं को कानूनी अधिकारों एवं महिला सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी
महिला सलाह सुरक्षा केंद्र के जागरूकता अभियान के तहत बरवाड़ा गांव में आयोजित हुआ जागरूकता सत्र
उदयपुर। महिला अधिकारिता विभाग के अंतर्गत जतन संस्थान द्वारा संचालित महिला सलाह सुरक्षा केंद्र, पुलिस थाना नाई के तत्वावधान में शुक्रवार को ब्लॉक सायरा के ग्राम बरवाड़ा में महिलाओं के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम में सामाजिक सलाहकार संगीता पालीवाल ने महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम, सखी वन स्टॉप सेंटर, नारी निकेतन तथा महिला सलाह सुरक्षा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में आने वाले पारिवारिक विवादों में पति-पत्नी के बीच संवाद और समझाइश के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाता है तथा आवश्यकता होने पर कानूनी सहायता एवं न्यायालयीन मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।
उन्होंने महिलाओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, विभिन्न सहायता योजनाओं तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की पारिवारिक, सामाजिक अथवा उत्पीड़न संबंधी समस्या होने पर महिलाएं बिना किसी संकोच के महिला सलाह सुरक्षा केंद्र से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम साथीन हेमलता नागरिचि ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन योजना के अंतर्गत ‘छुपी तोड़ो, खुलकर बात करो’ अभियान की जानकारी देते हुए महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने इस विषय से जुड़े सामाजिक संकोच को समाप्त कर खुलकर संवाद करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लेकर महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

