Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

गुरु पूर्णिमा विशेष: राहुल मेघवाल निःशुल्क कोचिंग से गढ़ रहे हैं हजारों युवाओं का भविष्य

Reported By : Padmavat Media
Published : July 29, 2026 2:02 PM IST

सेवा का संकल्प बना हजारों युवाओं के सपनों का आधार

गुरु पूर्णिमा पर विशेष : राहुल मेघवाल निःशुल्क कोचिंग से गढ़ रहे हैं भविष्य

उदयपुर। जीवन में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन की दिशा और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ऐसे ही एक शिक्षक राहुल मेघवाल का कार्य हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। वे सेवा के संकल्प के साथ उदयपुर में संचालित ज्ञान ज्योति निःशुल्क कोचिंग संस्थान के माध्यम से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी करवा रहे हैं।

राहुल मेघवाल ने बताया कि वे स्वयं एक ऐसे परिवार से आते हैं, जहां आर्थिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं। उन्होंने महसूस किया कि अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी केवल आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों को साकार नहीं कर पाते। इसी सोच ने उन्हें निःशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रेरणा दी और उन्होंने ज्ञान ज्योति निःशुल्क कोचिंग संस्थान की स्थापना की। आज इस संस्थान के माध्यम से हजारों विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उनका एक ही सपना है—हर घर से सरकारी नौकरी और हर गांव-शहर से एक सफल अभ्यर्थी। इसी लक्ष्य को लेकर संस्थान निरंतर कार्य कर रहा है। अब तक ज्ञान ज्योति निःशुल्क कोचिंग से तैयारी करने वाले अनेक विद्यार्थी सरकारी शिक्षक, पुलिस कांस्टेबल, पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित होकर सेवाएं दे रहे हैं।

राहुल मेघवाल ने बताया कि संस्थान पूरी तरह सेवा भावना से संचालित किया जा रहा है। यहां सभी शिक्षक बिना किसी पारिश्रमिक के विद्यार्थियों को शिक्षण सेवाएं प्रदान करते हैं। इस कार्य में संगीता मेघवाल, जीवन सर, गौरव सर, डॉ. नरेश पालीवाल, धीरज सर सहित अन्य शिक्षक सहयोगी निःशुल्क सेवाएं दे रहे हैं।

विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए संस्थान में समय-समय पर निःशुल्क प्रेरक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों में मोटिवेशन एक्सपर्ट सिद्धार्थ देवल, सुशील आर्य, नवीन अग्रवाल, प्रवीण श्रीमाली, जयश्री अरुण तथा निर्मल अग्रवाल जैसे विशेषज्ञ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति प्रेरित करते हैं।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राहुल मेघवाल का यह सेवा भाव इस बात का उदाहरण है कि सच्चा गुरु केवल शिक्षा नहीं देता, बल्कि समाज में नई उम्मीद, नई दिशा और नए भविष्य का निर्माण भी करता है।

Related posts

जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता | राजस्थान पुलिस समीक्षा बैठक

Padmavat Media

रेखा वैष्णव को पदमावत मीडिया में राष्ट्रीय ब्यूरो प्रमुख का पद, उत्कृष्ट कार्यशैली का मिला सम्मान

Padmavat Media

देश की राजधानी दिल्ली में जयपुर की वाणी जैन एवं दौसा के संदीप छीपा हुए सम्मानित।

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!