Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
खेललद्दाख

लद्दाख मैराथन में 5 किलोमीटर रन फॉर फन का आयोजन

Reported By : Padmavat Media
Published : September 12, 2026 2:47 PM IST
लद्दाख । लेह | रन फॉर फन | खेल एवं स्वास्थ्य

लद्दाख मैराथन के तहत मुख्य सचिव ने 5 किलोमीटर रन फॉर फन को दिखाई हरी झंडी

1,334 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, विशेष रूप से सक्षम प्रतिभागियों ने भी उत्साह के साथ की भागीदारी

लेह । लद्दाख मैराथन 2026 के 13वें संस्करण के तहत शुक्रवार को लेह के शहीद चौक से 5 किलोमीटर लंबी ‘रन फॉर फन’ दौड़ का आयोजन किया गया। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, सरकारी अधिकारियों, देश-विदेश से आए धावकों तथा विशेष रूप से सक्षम प्रतिभागियों सहित लगभग 1,334 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

‘रन फॉर फन’ का मार्ग लेह स्थित एनडीएस स्टेडियम से शुरू होकर मेंतोकलिंग मोटर्स तक गया और वहां से वापस एनडीएस स्टेडियम पर समाप्त हुआ। सुबह आयोजित इस दौड़ में प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वास्थ्य और खेल भावना का संदेश दिया। विशेष रूप से सक्षम प्रतिभागियों की भागीदारी ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।

लद्दाख मैराथन अपनी विशिष्ट ऊंचाई वाली सहनशक्ति दौड़ के कारण न केवल लद्दाख, बल्कि पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रिय हो रही है। पिछले कई वर्षों से इसका आयोजन प्रतिवर्ष किया जा रहा है। इस वर्ष लद्दाख मैराथन का 13वां संस्करण 10 से 13 सितंबर तक चार दिवसीय आयोजन के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

लद्दाख मैराथन 2026 के अंतर्गत 10 सितंबर को नुब्रा क्षेत्र के क्यागर गांव से सिल्क रूट अल्ट्रा दौड़ शुरू हुई थी, जिसका समापन लेह बाजार में हुआ। इस 122 किलोमीटर लंबी अल्ट्रा दौड़ में कुल 118 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद 11 सितंबर को खारदुंग ला चैलेंज का आयोजन किया गया। यह दौड़ खारदुंग गांव से शुरू होकर लेह बाजार में समाप्त हुई, जिसमें कुल 359 धावक शामिल हुए।

लद्दाख मैराथन दुनिया की प्रमुख ऊंचाई वाली सहनशक्ति दौड़ प्रतियोगिताओं में शामिल है। यह आयोजन केवल दौड़ और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि लद्दाख के अद्वितीय प्राकृतिक भू-दृश्य, समृद्ध संस्कृति और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने की भावना को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बन चुका है। पर्वतीय क्षेत्र में आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लद्दाख की पहचान साहसिक खेलों, पर्यटन और मानवीय दृढ़ता के केंद्र के रूप में लगातार मजबूत हो रही है।

Related posts

सलूंबर में क्रिकेट का जलवा: शोभावती पटेल प्रीमियर लीग-7 का भव्य समापन, सलूंबर विजेता

Padmavat Media

पथिराना एक पीढ़ी में एक बार पैदा होने वाले गेंदबाज – ब्रेट ली

जीतो प्रीमियर लीग का हुआ भव्य उद्घाटन, 16 महिला टीमें भी ले रही हैं भाग

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!