खास मिठास: उदयपुर की फूड ब्लॉगर श्वेता ईनाणी ने साझा की पारंपरिक ‘केसरिया भात’ रेसिपी
उदयपुर। भारतीय व्यंजनों की परंपरा में मीठे चावल यानी ‘केसरिया भात’ का एक खास स्थान है। यह व्यंजन खासकर त्योहारों, पूजन या विशेष पारिवारिक अवसरों पर बनाया जाता है। इसकी खुशबू, रंगत और स्वाद हर किसी को आकर्षित करता है। उदयपुर की जानी-मानी फूड ब्लॉगर श्वेता ईनाणी ने अपने फॉलोअर्स के लिए इस स्वादिष्ट रेसिपी को साझा किया है, जिसे कोई भी आसानी से घर पर बना सकता है।
श्वेता ईनाणी बताती हैं कि ‘केसरिया भात’ बनाना जितना सरल है, इसका स्वाद उतना ही समृद्ध और उत्सवपूर्ण होता है। यह व्यंजन दो लोगों के लिए पर्याप्त होता है और इसे तैयार करने में कुल 40 मिनट का समय लगता है, जिसमें 15 मिनट तैयारी और 25 मिनट पकाने में लगते हैं।
इस मिठास से भरपूर व्यंजन को बनाने के लिए आवश्यक सामग्री इस प्रकार है – एक कटोरी चावल, दो छोटे चम्मच घी, आधी कटोरी शक्कर, पांच से सात काजू, चार से पांच केसर की तारें, थोड़ा सा केसरिया फूड कलर, एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर और सजावट के लिए गुलाब की पत्तियां व अतिरिक्त केसर तार।
बनाने की विधि बताते हुए श्वेता कहती हैं कि सबसे पहले चावल को 90% तक पकाएं – पूरी तरह नहीं। इसके बाद एक कढ़ाई में घी गर्म करें और उसमें काजू सुनहरा होने तक तलें। अब इसमें पके हुए चावल डालें और हल्के हाथ से चलाएं। इसके बाद इसमें शक्कर, इलायची पाउडर, केसर की तारें और थोड़ा फूड कलर डालें और सब कुछ अच्छी तरह मिला दें। फिर गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ी देर ढककर रखें ताकि उसमें मिठास और सुगंध समा जाए।
अंत में, तैयार केसरिया भात को एक सुंदर सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से गुलाब की पत्तियों, तले हुए काजू और केसर की तारों से सजाएं। यह डिश न केवल देखने में आकर्षक होती है बल्कि स्वाद में भी बेहद लाजवाब होती है। पारंपरिक व्यंजनों की चाह रखने वालों के लिए यह रेसिपी किसी तोहफे से कम नहीं।
श्वेता ईनाणी ने बताया कि पारंपरिक स्वाद और आधुनिक प्रस्तुति के समन्वय से बने इस व्यंजन को बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी पसंद करते हैं। यह रेसिपी विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जो घर में ही उत्सव का स्वाद चाहते हैं।

