Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

सुसमा अभियान समापन: दीया कुमारी बोलीं – यातायात नियम तोड़ने वालों को रोको-टोको | करौली प्रथम, सीकर द्वितीय, डूंगरपुर तृतीय

Reported By : Padmavat Media
Published : September 15, 2025 5:41 PM IST

सुसमा अभियान समापन पर दीया कुमारी बोलीं – नियम तोड़ने वालों को रोको-टोको

करौली प्रथम, सीकर द्वितीय और डूंगरपुर तृतीय स्थान पर रहे

जयपुर । उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आमजन भी बिना हेलमेट चलने वालों को देखकर अपनी गाड़ी रोककर उन्हें टोके और हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि यह केवल चालान की बात नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का प्रश्न है। उपमुख्यमंत्री सोमवार को एआईसीटीई केन्द्र, झालाना, जयपुर के सभागार में आयोजित सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान समापन एवं अभियंता दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों को जागरूक करने में आमजन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह सीधे जनता से जुड़ा हुआ अभियान है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंताओं, विशेषकर महिला अभियंताओं की टीम ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं और आमजन को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके लिए मुख्य अभियंता गुण नियंत्रण जसवंत खत्री एवं समस्त अभियंता बधाई के पात्र हैं।

सभी सांसद–विधायकों को जोड़ा जाएगा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी सांसदों और विधायकों से आग्रह किया जाएगा कि वे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस अभियान के प्रमुख संदेश साझा करें।

उन्होंने अभियंताओं से कहा कि सप्ताह में दो दिन सड़कों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। केवल फाइल पर हस्ताक्षर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बनी और बन रही सड़कों का निरीक्षण कर साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल चेतावनी नहीं दी जाएगी, बल्कि कार्यवाही की जाएगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने प्रदेश के अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

करौली अव्वल, सीकर-दूसरे और डूंगरपुर-तीसरे स्थान पर

मुख्य अभियंता (गुण नियंत्रण) जसवंत खत्री ने बताया कि 9 अगस्त से 15 सितम्बर तक चले इस अभियान के दौरान प्रदेश के 1097 स्कूल–कॉलेजों में 4 लाख 18 हजार 345 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

करौली जिले ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। यहां 112 संस्थानों के 41 हजार 31 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। पहले स्थान पर रहे करौली जिले की मास्टर ट्रेनर कविता मीणा, रेणु मीणा और अधिशाषी अभियंता हरिनारायण मीणा को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा सीकर, डूंगरपुर, झुंझुनू और जयपुर के अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

अभियान की नोडल अधिकारी शिल्पा श्रीमाल सहित सक्रिय भूमिका निभाने वाले विभाग के दो वाहन चालकों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में रही व्यापक भागीदारी

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, मुख्य अभियंता टी.सी. गुप्ता सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, महिला मास्टर ट्रेनर और बड़ी संख्या में अभियंता उपस्थित रहे।

Related posts

जोधपुर: JNVU प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज, छात्रसंघ अध्यक्ष हिरासत में

Padmavat Media

उद्यम प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत 22 जून को आयोजित होंगे शिविर

Padmavat Media

Doctors Day पर स्वास्थ्य मंत्री ने की घोषणा, SMS अस्पताल में बनाया जाएगा डॉक्टर्स मेमोरियल

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!