जावद सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, दीपिका कुंवर बनी पहली लाभार्थी
जावद/सलूम्बर। जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जावद में गुरुवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु यह टीका लगाया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत जावद सीएचसी पर दीपिका कुंवर को पहला एचपीवी टीका लगाकर की गई। इस दौरान यह भी सामने आया कि वैक्सीन को लेकर समाज में कई प्रकार की भ्रांतियां और अफवाहें फैली हुई थीं, लेकिन दीपिका के पिता शंकर सिंह ने उन्हें टीकाकरण के लाभ समझाकर प्रेरित किया। टीका लगवाने के बाद दीपिका ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी या दुष्प्रभाव महसूस नहीं हुआ, जिससे अन्य बालिकाओं में भी विश्वास बढ़ा।
इसके बाद विद्यालय की अन्य किशोरियों को भी एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। टीकाकरण के पश्चात बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे उनमें उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान जयसमंद ब्लॉक बीसीएमओ डॉक्टर मनीष पाठक, चिकित्सा प्रभारी सीएचसी जावद डॉक्टर मनीष कुमावत, एचवी सूर्यकांत मीणा, एएनएम सविता मीणा, हेमंत कुमार चौबीसा, महेंद्र सिंह, मनीष पांडे, नर्सिंग ऑफिसर बसंती परमार तथा शुभम शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करना है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न देते हुए अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान से अवश्य जोड़ें, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

