पर्यावरण संरक्षण, जल संग्रहण, स्वच्छता का शुभ संदेश – वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने वाला जनआंदोलन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में आयोजित हो रहा वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 राजस्थान को जल-समृद्ध बनाने व पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए राज्य सरकार का एक अत्यंत प्रभावी अभियान है। यह अभियान 25 मई 2026 से 5 जून 2026 तक राज्य के समस्त जिलों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न राजकीय विभागों एवं संस्थाओं द्वारा अनेक गतिविधियां संपादित की जा रही हैं।
इस महत्वपूर्ण अभियान के तहत दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संग्रहण एवं संरक्षण को प्रोत्साहन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्जीवन, भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल एवं पर्यावरण संरक्षण, हरियालो राजस्थान, स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं।
विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की भागीदारी
इस पुनीत अभियान में जल संसाधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सूचना एवं जनसंपर्क, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, स्वच्छ भारत मिशन, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण, खेल, स्वायत्त शासन, राजीविका, कृषि, पशुपालन, ऊर्जा, शिक्षा, वन, पर्यटन, पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों, जिला प्रशासन, भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
28 मई तक अभियान की उपलब्धियां
अभियान के अंतर्गत अब तक 1 करोड़ 59 लाख 8 हजार 712 नागरिक सहभागी बने हैं। 11 हजार 890 कलश यात्राएं आयोजित हुई हैं, 17 हजार 440 जल स्रोतों की सफाई की गई है, 1 हजार 426 नवीन विकास कार्य प्रारंभ हुए हैं तथा 9 हजार 531 स्थानों पर श्रमदान किया गया है। इसके अतिरिक्त 7 हजार 89 राजकीय भवनों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गई हैं और 442 जल चौपाल सहित कुल 1 लाख 57 हजार 272 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
29 मई से 5 जून तक विविध गतिविधियां
अभियान के दौरान प्राचीन तालाबों, जोहड़ों, बावड़ियों और अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई, मरम्मत, जल स्रोतों की मैपिंग, जल चौपाल, प्रभात फेरियां, साइकिल रैली, श्रमदान, पौधारोपण, किसानों की चौपाल, जल उपयोगिता संगम, जल परीक्षण अभियान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, निबंध, चित्रकला, खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण, जल संग्रहण संरचनाओं का अवलोकन, तुलसी पौधों का वितरण, इको फ्रेंडली आर्ट निर्माण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का विशेष आयोजन किया जाएगा।
जल संरक्षण को मिलेगा नया आयाम
अभियान के अंतर्गत नदियों, तालाबों और झीलों की सफाई, एसटीपी एवं सीईटीपी संयंत्रों की आवश्यकता का आकलन, परिष्कृत जल के उपयोग की योजना, सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जनजागरूकता तथा स्वच्छता गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
अभियान के जिला स्तरीय समापन समारोह में जल संरक्षण एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भामाशाहों, संस्थाओं, पंचायतों, नगर निकायों, जल योद्धाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों को जल गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
संक्षेप में कहा जाए तो वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, स्वच्छता और जनभागीदारी को समर्पित एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है, जो आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगा।
सचिव, राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर

