Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
क्राइमटॉप न्यूज़देशराजस्थान

उदयपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 502 अपराधी गिरफ्तार, 2010 ठिकानों पर दबिश

Reported By : Padmavat Media
Published : March 30, 2026 9:20 AM IST

पुलिस कार्रवाई | उदयपुर

उदयपुर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: एरिया डॉमिनेंस अभियान में 502 अपराधी गिरफ्तार, 2010 ठिकानों पर एक साथ दबिश

उदयपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए उदयपुर पुलिस ने एरिया डॉमिनेंस अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान पूरे जिले में एक साथ दबिश देकर 502 अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी थानों को सक्रिय करते हुए सुनियोजित रणनीति के साथ कार्रवाई की गई। इसके लिए 220 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें कुल 1044 पुलिसकर्मी एवं अधिकारी शामिल रहे। इन टीमों ने जिलेभर में 2010 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसा।

अभियान के दौरान पुलिस ने लंबित वारंटों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान देते हुए 98 स्थायी वारंट और 12 गिरफ्तारी वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। वहीं पूर्व में चालानशुदा 207 अपराधियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत पाबंद किया गया। इसके अतिरिक्त सामान्य प्रकरणों में वांछित 22 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान विभिन्न अधिनियमों के तहत भी प्रभावी कदम उठाए गए। आबकारी अधिनियम में 10 प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि एनडीपीएस एक्ट में 1 प्रकरण दर्ज कर 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अन्य अधिनियमों के तहत भी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा धारा 129 के तहत 29 व्यक्तियों तथा धारा 126-170 के तहत 110 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की भी गहन जांच कर प्रभावी धरपकड़ की गई।

पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध गतिविधियों की भी जांच की, जिसमें कुछ क्षेत्रों में अवैध बिजली कनेक्शन पाए गए। इन मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर अग्रिम कार्रवाई जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त और सतत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अपराध एवं अपराधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

रिपोर्ट | पदमावत मीडिया

Related posts

आक्सीजन प्लांट बन जाने से क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध मिलेगीं:-प्रभाष कुमार

Padmavat Media

युवा परिषद द्वारा भगवान आदिनाथ जयंती पर स्टेशनरी वितरण का आयोजन

Padmavat Media

राजस्थान में दिवाली पर सुरक्षा और यातायात को लेकर खास इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!