Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

ग्रामीण सेवा शिविर में महिलाओं को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Reported By : Padmavat Media
Published : July 10, 2026 3:00 PM IST
ग्रामीण सेवा शिविर | महिला जागरूकता अभियान

ग्रामीण सेवा शिविर में महिलाओं को कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

वल्लभनगर के माल की टूस गांव में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र ने किया जागरूकता सत्र, कानून, हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी

उदयपुर ब्लॉक वल्लभनगर की ग्राम पंचायत माल की टूस में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर महिलाओं के लिए जागरूकता एवं मार्गदर्शन का प्रभावी मंच बना। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रणथम्भौर सेवा संस्थान, नाथद्वारा द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, वल्लभनगर की ओर से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की विधिक परामर्शदाता केसी पटेल ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को घरेलू हिंसा अधिनियम, सखी वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में आने वाले पारिवारिक विवादों का समाधान पति-पत्नी के बीच संवाद, समझाइश एवं पारिवारिक परामर्श के माध्यम से कराने का प्रयास किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को विधिक सहायता एवं न्यायालयीन प्रक्रिया में भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।

केसी पटेल ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के अत्याचार, उत्पीड़न अथवा भेदभाव की स्थिति में मौन न रहें और तत्काल कानूनी सहायता प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पारिवारिक, सामाजिक या कानूनी समस्या की स्थिति में महिलाएं बिना किसी संकोच के महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र से संपर्क कर सकती हैं।

जागरूकता सत्र के दौरान महिलाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना, शिक्षा सेतु योजना एवं काली बाई भील उड़ान योजना की जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सैनिटरी नैपकिन के नियमित उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में ग्राम साथिन टीना नागदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

Related posts

श्री लक्ष्मीनारायण भगवान ठाकुर जी का अन्नकूट महोत्सव एक दिसम्बर को

Padmavat Media News

उदयपुर में द मॉरल शॉपी की भव्य प्रदर्शनी जनवरी में आयोजित होगी | नारी शक्ति व स्वदेशी उत्सव

Padmavat Media

जयपुर की शान एम.आई. रोड़ बदहाली के आंसू बहा रही, पर्यटकों और आमजन को हो रही भारी परेशानी

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!