स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती पर सेवा, संत सम्मान और संस्कृति को समर्पित भव्य आयोजन
स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप की ओर से 551 साधु-संतों के लिए प्रसादी, वृंदावन में ‘हमारे राम’ का मंचन और तीन प्रमुख मंदिरों में विशेष पोशाक व फूल बंगला दर्शन
मथुरा-वृंदावन । स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती (हीरक जयंती) के अवसर पर सेवा, श्रद्धा, संत सम्मान और आध्यात्मिक मूल्यों को समर्पित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों के माध्यम से संस्थापक के प्रेरणादायी जीवन, धार्मिक आस्था, सामाजिक सरोकारों और सेवा भावना को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। इस विशेष अवसर पर स्वास्थ्य शिविर, संतों के लिए प्रसादी, प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष दर्शन और भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित भव्य नाट्य प्रस्तुति जैसे आयोजन किए जा रहे हैं।

संघर्ष, मेहनत और सिद्धांतों से बनाई विशिष्ट पहचान
स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल दूरदर्शी उद्यमी, कर्मठ व्यक्तित्व और सिद्धांतों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने सीमित संसाधनों के साथ अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू की और मेहनत, ईमानदारी तथा विश्वास के बल पर ‘स्वीटी सुपारी’ को विशिष्ट पहचान दिलाई। व्यावसायिक सफलता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पारिवारिक संस्कार, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण उनके व्यक्तित्व की विशेष पहचान रहा। उनके जीवन के इन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने का दायित्व उनके सुपुत्र एवं एम.आर. ग्रुप के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल तथा पौत्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल निभा रहे हैं।

स्वास्थ्य शिविर से सेवा अभियान की शुरुआत
हीरक जयंती के उपलक्ष्य में 18 अक्टूबर 2026 को ग्रीन वैली में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाया गया। यह पहल स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के उस दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करती है, जिसमें व्यावसायिक गतिविधियों के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की सेवा को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया।

551 साधु-संतों के लिए होगी भव्य प्रसादी
हीरक जयंती के प्रमुख आयोजनों के तहत 20 अक्टूबर 2026 को प्रातः परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी का आयोजन रखा गया। इसमें ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संतों और ब्रजवासियों की सहभागिता रहेगी। संत सेवा, अन्नदान और ब्रज समाज के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना से आयोजित यह कार्यक्रम स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के धार्मिक संस्कारों और संतों के प्रति आदर को समर्पित है। आयोजन के माध्यम से उनकी सेवा भावना और आध्यात्मिक मूल्यों को समाज के बीच जीवंत रखने का प्रयास किया जा रहा है।
गोवर्धन, बरसाना और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विशेष दर्शन
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में 20 अक्टूबर को गोवर्धन स्थित श्री दानघाटी मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी की विशेष पोशाक एवं भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन भी स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप परिवार की ओर से किया जाएगा।
इन तीनों पवित्र स्थलों से स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल का विशेष आत्मीय और आध्यात्मिक जुड़ाव रहा। वे अपने जीवनकाल में इन मंदिरों में श्रद्धापूर्वक दर्शन करने जाते थे। उनकी इसी गहरी आस्था और भावनात्मक लगाव को स्मरण करते हुए परिवार ने इन धार्मिक आयोजनों का संकल्प लिया है। विशेष पोशाक और फूल बंगला दर्शन के माध्यम से ठाकुरजी के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए जाएंगे। यह आयोजन संस्थापक की धार्मिक आस्था और भक्ति परंपरा को आगे बढ़ाने का भावपूर्ण प्रयास है।
वृंदावन में ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन
हीरक जयंती के मुख्य सांस्कृतिक आयोजन के अंतर्गत मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम, गीता शोध संस्थान में फेलिसिटी थिएटर की चर्चित नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन किया जाएगा। यह प्रस्तुति भगवान श्रीराम के जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों को भव्य मंच सज्जा, संगीत तथा प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से जीवंत करती है।
इस नाट्य प्रस्तुति में राहुल आर. भूचर प्रभु श्रीराम, आशुतोष राणा रावण, दानिश अख्तर भगवान हनुमान, तरुण खन्ना भगवान शिव तथा अमृता परिहार माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे। भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों और स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिद्धांतनिष्ठ जीवन के बीच भावनात्मक एवं वैचारिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए इस विशेष मंचन का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रस्तुति संस्थापक के आदर्शों, संस्कारों और जीवन दर्शन को समर्पित भावपूर्ण श्रद्धांजलि के रूप में प्रस्तुत की जाएगी।
तैयारियों में वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, सहयोगियों का योगदान सराहनीय
हीरक जयंती के आयोजनों की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। एम.आर. ग्रुप परिवार ने उनके निरंतर स्नेह, अनुभव और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप की पूरी टीम पिछले लगभग तीन महीनों से इन आयोजनों की तैयारियों में समर्पण भाव से जुटी हुई है। मंच व्यवस्था, सजावट, फोटोग्राफी, भोजन, अतिथि सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सहयोगियों एवं उनकी टीमों का योगदान भी महत्वपूर्ण रहा है। ग्रुप परिवार ने सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की है।
संस्थापक के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प
एम.आर. ग्रुप परिवार के लिए स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की हीरक जयंती केवल जन्म जयंती का आयोजन नहीं, बल्कि उनके जीवन मूल्यों को स्मरण करने और समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का विशेष अवसर है। संत सेवा, अन्नदान, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से परिवार संस्थापक की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप परिवार ने स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की पावन स्मृति को नमन करते हुए सेवा, सत्यनिष्ठा, धर्म, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के उन आदर्शों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया, जिनके आधार पर उन्होंने अपनी पहचान बनाई और समाज में प्रेरणादायी स्थान हासिल किया।

