Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

जतन संस्थान की पहल: असलीगढ़ विद्यालय में बालिकाओं को साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों की जानकारी

Reported By : Padmavat Media
Published : July 24, 2026 4:55 PM IST
महिला सशक्तिकरण | साइबर जागरूकता | उदयपुर

जतन संस्थान की पहल: बालिकाओं को साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति किया जागरूक

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय असलीगढ़ में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर। महिला एवं बालिका सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय जतन संस्थान द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना नाई की ओर से जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय असलीगढ़ में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जतन संस्थान लंबे समय से महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, लैंगिक समानता, कानूनी जागरूकता तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक पूजा पाटीदार ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक बालिका का डिजिटल रूप से जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, सोशल मीडिया पर सतर्कता, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा नहीं करने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, शिक्षा सेतु, कालीबाई भील उड़ान योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना नाई की सामाजिक परामर्शदाता संगीता पालीवाल ने बाल विवाह रोकथाम, कम उम्र में गर्भधारण के दुष्परिणाम, अच्छा स्पर्श-बुरा स्पर्श, मानसिक स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकार, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा राजकॉप सिटिजन ऐप की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच सहायता लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना था। छात्राओं ने साइबर सुरक्षा, महिला सम्मान एवं शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

जतन संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करा रही है। संस्था का लक्ष्य समाज में सुरक्षित, जागरूक और सशक्त वातावरण का निर्माण करना है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकीय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related posts

वरदान नियो वैली संस्थान चावंड में हुआ 66 वी जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन।

Padmavat Media

जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता | राजस्थान पुलिस समीक्षा बैठक

Padmavat Media

अमित शाह के रोड शो को लेकर लिया जायजा

Leave a Comment

error: Content is protected !!