Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
देशमहाराष्ट्र

ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन में बड़ा बदलाव, पवन जैन पदमावत बने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री

Reported By : Padmavat Media
Published : July 19, 2026 2:46 PM IST
संगठन विस्तार | जैन पत्रकारिता

ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: पवन जैन पदमावत बने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री

पूर्व महाराष्ट्र प्रदेश सचिव को राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी • देशभर के जैन पत्रकारों को एक मंच पर जोड़ने और संगठन विस्तार का संकल्प

मुंबई। देशभर के जैन पत्रकारों के सक्रिय राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (AIJJA) ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी पवन जैन पदमावत को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। इससे पूर्व वे संगठन में महाराष्ट्र प्रदेश सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता, नेतृत्व क्षमता, समर्पण एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय दायित्व सौंपा गया है।

यह नियुक्ति संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया के नेतृत्व एवं अनुमोदन से की गई। राष्ट्रीय महासचिव महावीर श्रीश्री माल ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि पवन जैन पदमावत संगठन के राष्ट्रीय विस्तार, विभिन्न राज्यों में नई इकाइयों के गठन, संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय तथा देशभर के जैन पत्रकारों को एक मजबूत मंच पर जोड़ने का कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव एवं कार्यशैली से संगठन को नई दिशा और नई गति मिलेगी।

पवन जैन पदमावत पिछले डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे पदमावत मीडिया के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं तथा जनहित, सामाजिक सरोकार, सुशासन, पारदर्शिता, भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों एवं समाज जागरण से जुड़े विषयों पर लगातार सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता को केवल समाचारों तक सीमित न रखकर समाज सेवा का माध्यम बनाया है, जिससे उनकी पहचान एक निष्पक्ष, सक्रिय एवं जनपक्षधर पत्रकार के रूप में स्थापित हुई है।

पत्रकारिता के साथ-साथ वे विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। समाजहित, महिला सुरक्षा, मानवाधिकार, युवा जागरूकता, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक एकता के क्षेत्र में उनके योगदान की व्यापक सराहना हुई है। उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें वर्ल्ड ग्रेटेस्ट रिकॉर्ड सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।

नवनियुक्त राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पवन जैन पदमावत ने इस अवसर पर संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया, राष्ट्रीय महासचिव महावीर श्रीश्री माल तथा संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि उनका प्रमुख उद्देश्य देशभर के जैन पत्रकारों को एकजुट कर उन्हें एक सशक्त राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां पत्रकारों के हितों की रक्षा, सम्मान, सुरक्षा, प्रशिक्षण, पेशेवर विकास तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए प्रभावी कार्य किए जा सकें। उन्होंने कहा कि यदि देश के किसी भी हिस्से में किसी जैन पत्रकार को किसी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा कठिनाई का सामना करना पड़े तो संगठन पूरी मजबूती के साथ उसके साथ खड़ा रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि संगठन प्रत्येक राज्य और जिले के जैन पत्रकारों को जोड़कर एक मजबूत राष्ट्रीय परिवार के रूप में विकसित किया जाएगा। नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रोत्साहित करने, पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने, प्रशिक्षण, संवाद एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने की दिशा में भी विशेष पहल की जाएगी।

संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया तथा राष्ट्रीय महासचिव महावीर श्रीश्री माल सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जैन पत्रकारों ने पवन जैन पदमावत की नियुक्ति का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व, अनुभव एवं दूरदर्शी सोच से ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा जैन पत्रकारों के हितों को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Related posts

मुंबई में जल्द ही अंधेरी-पूर्व से दहिसर-पूर्व तक शुरू हो जाएगी मेट्रो-७

Padmavat Media

गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, यह गुरु के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का पर्व है — डॉ. भगवान दास वैष्णव

Padmavat Media

माँ उमिया धाम का शिलान्यास महोत्सव

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!