फतहसागर से कल शुरू होगा ‘संडे ऑन साइकिल’ विशेष अभियान
यातायात उपाधीक्षक अशोक आंजना और पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत ने किया समर्थन
उदयपुर। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत केंद्र सरकार की पहल
“संडेज़ ऑन साइकिल” अब झीलों की नगरी उदयपुर में भी शुरू होने जा रही है। इस विशेष अभियान की शुरुआत कल रविवार को फतहसागर झील से होगी।
अभियान के प्रचार-प्रसार की पहल यातायात उप अधीक्षक अशोक आंजना ने की है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और
साइकिलिंग जैसे सरल व उपयोगी व्यायाम को अपनाएं।
इस अवसर पर पर्यटन विशेषज्ञ एवं होटल एसोसिएशन उदयपुर के उपाध्यक्ष यशवर्धन राणावत भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि,
“फिटनेस और पर्यटन दोनों ही उदयपुर की पहचान हैं। यदि हम स्वस्थ रहेंगे, तो शहर का पर्यटन भी और अधिक आकर्षक व प्रेरणादायक बनेगा।”
राणावत ने पर्यटन हितधारकों और शहरवासियों से केंद्र सरकार के इस अभियान का समर्थन करते हुए राज्य पुलिस के साथ अत्यधिक संख्या में हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने
उदयपुर पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल एवं पुलिस महानिदेशक गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में उदयपुर पुलिस के कार्यों को सराहा।
केंद्र सरकार का यह अभियान संदेश देता है—
“फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़।”
फतहसागर से होने वाला यह आयोजन पुलिस व शहरवासियों में स्वास्थ्य, जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देगा। अब तक 30 से अधिक शहरों में “संडेज़ ऑन साइकिल” अभियान योग, ज़ुम्बा और रोप स्किपिंग जैसी गतिविधियों के साथ आयोजित किया गया है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2025 को “राज्य पुलिस” के सहयोग से इस अभियान का विशेष संस्करण प्रातः 6.30 बजे, फतेहसागर लेक पर आयोजित किया जा रहा है।

