गौमाता के हत्यारों के हाथ काट देने चाहिए : विधायक संजय उपाध्याय
विधानसभा में तीखा प्रहार, मकोका के तहत कार्रवाई की माँग
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बोरीवली विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय उपाध्याय ने गौहत्या और गो-तस्करी के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के सिद्धांतों पर कार्य करने वाली महायुति सरकार को गौमाता की हत्या करने वालों के हाथ काट देने चाहिए।
विधायक उपाध्याय ने कहा कि उनके पास राज्यभर में अवैध रूप से संचालित कत्लखानों की सूची उपलब्ध है और उन्होंने सरकार से प्रश्न किया कि क्या इन पर कोई ठोस कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बदलापुर थाना क्षेत्र में 9 जून 2025 को हुई गौहत्या की गंभीर घटना की ओर ध्यान आकृष्ट किया, जिसमें आरोपी कैफ मंसूर शेख के विरुद्ध पूर्व में ही 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके बावजूद, अब तक उसके विरुद्ध कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि वर्ष 2025 के बजट सत्र में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से घोषणा की थी कि गौहत्या एवं गो-तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने प्रश्न किया कि संबंधित आरोपी पर अब तक मकोका क्यों नहीं लगाया गया और सरकार कितने दिवसों में यह कार्रवाई सुनिश्चित करेगी?
विधायक उपाध्याय द्वारा उठाए गए प्रश्नों के उत्तर में गृह राज्यमंत्री योगेश रामदास कदम ने बताया कि वर्ष 2022 से 2025 के मध्य राज्य में गौहत्या एवं गो-तस्करी से संबंधित 2,800 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 4,600 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी अवधि में 1,724 टन गोमांस भी जब्त किया गया है।
उपाध्याय ने सरकार से यह प्रश्न किया कि जब राज्य सरकार ने गाय को राज्यमाता का दर्जा प्रदान किया है, तब भी यदि राज्य में इस प्रकार के जघन्य अपराध निरंतर हो रहे हैं, तो क्या यह इस बात का संकेत नहीं है कि अपराधियों को कानून, सरकार और प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया?
उन्होंने पुनः जोर देते हुए मांग की कि गौहत्या और गो-तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्यवाही की जाए। उपाध्याय ने यह भी कहा कि उनके पास उन अपराधियों की सूची है, जो बार-बार ऐसे संगठित अपराधों में संलिप्त पाए गए हैं और अब सरकार को निर्णायक कदम उठाने चाहिए।
गौमाता के हत्यारों के हाथ काट देने चाहिए : विधायक संजय उपाध्याय
Published : July 19, 2025 1:57 AM IST
Updated : July 19, 2025 1:58 AM IST


1 comment
Aur ese logo se donation lene wali Rajneetik parties pr kya action lenge janab ..