उदयपुर की जलनिकासी और सफाई व्यवस्था पर पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत ने प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना से की भेंट और चर्चा
उदयपुर । राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल कार्यालय, होटल एसोसिएशन उदयपुर के उपाध्यक्ष एवं पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना से मुलाकात कर उदयपुर शहर की बदहाल सीवरेज व्यवस्था और खुले में कचरा फेंके जाने जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता जताई।
राणावत ने विशेष रूप से शिकारबाड़ी कॉलोनी का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां आज तक कोई व्यवस्थित सीवरेज सिस्टम नहीं है। गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है और बारिश के साथ मिलकर बड़े-बड़े गंदगी के गड्ढों में तब्दील हो जाता है। इससे ना सिर्फ मच्छर और बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं, बल्कि ये स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा भी बनते जा रहे हैं। यह स्थिति स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी चिंताजनक है, जो इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आते हैं।
राणावत ने यह भी चेताया कि खुले में बहता सीवरेज धीरे-धीरे भूमिगत जल को भी दूषित कर रहा है, जिससे पीने के पानी की गुणवत्ता पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि शहर की कई प्रमुख सड़कों, गलियों और पर्यटन स्थलों के आसपास खुले में कचरा फैला हुआ है, जिससे न सिर्फ शहर की छवि खराब हो रही है बल्कि पर्यावरणीय संकट भी गहराता जा रहा है। उन्होंने झीलों में बहते गंदे नालों की समस्या को भी क्षेत्रीय अधिकारी के समक्ष विस्तार से रखा। इस विषय पर पहले भी सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, जिनकी जानकारी सक्सेना को भी दी गई।
क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लिया और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। राणावत ने उम्मीद जताई कि अब जब संबंधित सभी विभागों को इस विषय में अवगत करा दिया गया है, तो शीघ्र ही एक ठोस कार्ययोजना सामने आएगी।
राणावत ने कहा, “यह केवल नागरिक सुविधा का मामला नहीं है, बल्कि एक स्वास्थ्य आपातकाल और उदयपुर के पर्यटन सम्मान पर सीधा आघात है। यदि अब भी कार्य नहीं हुआ, तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाएगी।” अंतराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन ने भी मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है, गौरतलब है की राणावत उसके वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं ।
जैसे-जैसे मानसून सक्रिय होता जा रहा है, शहरवासी और पर्यटन उद्योग के हितधारक प्रशासन से त्वरित और प्रभावशाली कार्यवाही की अपेक्षा कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है की प्रशासन की और से त्वरित पहल और समाधान होंगे ।
उदयपुर की जलनिकासी और सफाई व्यवस्था पर पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत ने प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी शरद सक्सेना से की भेंट और चर्चा
Published : July 17, 2025 7:02 PM IST
Updated : July 17, 2025 7:03 PM IST

