एसीएस आनंद कुमार को “अरण्यं” पुस्तक भेंट
उदयपुर। भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राहुल भटनागर ने हाल ही में प्रकाशित अपनी पर्यावरण विषयक पुस्तक “अरण्यं” अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं पर्यावरण) श्री आनंद कुमार, आईएएस को भेंट की। इस मौके पर भटनागर ने एसीएस कुमार को बर्ड फेस्टिवल व ‘पैडल-टू-जंगल’ सहित परिंदों और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित होने वाली ग्रीन पीपल सोसाइटी की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ वन अधिकारियों की सम्मानजनक उपस्थिति रही, जिन्होंने “अरण्यं” की विषयवस्तु की सराहना करते हुए इसे प्रकृति संरक्षण और सामाजिक चेतना के संगम का प्रभावी माध्यम बताया।
भटनागर ने पुस्तक की विषयवस्तु के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वन विभाग में उनके कार्यकाल के अनुभवों पर आधारित “अरण्यं” पुस्तक न केवल वनों की जैव विविधता, पारिस्थितिक संतुलन और सांस्कृतिक महत्व पर केंद्रित है, बल्कि यह मनुष्य और प्रकृति के बीच गहरे संबंधों को भी उजागर करती है। उन्होंने बताया कि पुस्तक के माध्यम से वन्य जीवन, संरक्षण और सतत विकास के मुद्दों को तथ्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर श्री आनंद कुमार ने कहा कि ‘अरण्यं’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि एक चेतना है जो हमें प्रकृति से जुड़ने और उसकी रक्षा के लिए सक्रिय होने की प्रेरणा देती है। यह प्रयास पर्यावरणीय संवाद को नई दिशा देगा।”
इस मौके पर मौजूद वन अधिकारियों और पर्यावरणप्रेमियों ने भी “अरण्यं” को एक समय-सापेक्ष और प्रभावशाली प्रयास बताते हुए इसे नीति-निर्माताओं, छात्रों और आमजन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर आईपीएस मथारू, सीसीएफ सुनील चिन्द्री, सेडूराम यादव, राजेश गुप्ता सहित जिले के वन अधिकारी मौजूद रहे।

