महावीर इंटरनेशनल उदयपुर की सेवा गतिविधियों को नई गति, नेत्रदान जागरूकता से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक कई प्रकल्पों का सफल आयोजन
उदयपुर। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर की तृतीय मासिक बैठक तुलसी निकेतन परिसर में आयोजित की गई, जिसमें सेवा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं मानवीय मूल्यों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रकल्पों की जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने की।
बैठक में सदस्यों की स्वास्थ्य जागरूकता के लिए हॉस्पिटल हेल्थ वन से हड्डी रोग विशेषज्ञ हेमंत खज्जानी एवं यूरोलॉजी विशेषज्ञ विकास गुप्ता को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। हेमंत खज्जानी ने घुटनों की देखभाल पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिदिन नियमित व्यायाम, कच्ची भूमि अथवा लॉन पर नंगे पांव चलना, सीमित वस्त्रों में धूप सेंकना तथा संतुलित आहार लेने से घुटनों को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।
विकास गुप्ता ने यूरिन संक्रमण, किडनी स्टोन एवं प्रोस्टेट संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, भोजन में फल एवं सब्जियों को शामिल करना, दूध एवं दुग्ध उत्पादों का संतुलित सेवन तथा विटामिन सी युक्त फलों का उपयोग यूरिनरी रोगों से बचाव में सहायक है। उन्होंने अधिक नमक, मांसाहार, शराब, शुगर ड्रिंक, चॉकलेट और अत्यधिक चाय के सेवन से बचने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि एके श्रीमाली ने फिजियोथैरेपी सेंटर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में तुलसी निकेतन की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल उदयपुर की ओर से विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं विद्यालय स्टाफ को जूट बैग वितरित किए गए। इन बैगों के माध्यम से प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कपड़े व जूट की थैलियों के प्रयोग का संदेश दिया गया।
अध्यक्ष रविंद्र सुराणा ने बताया कि चतरलाल घरबड़ा निवासी आयड द्वारा नेत्रदान कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। यह नेत्रदान उपाध्यक्ष प्रकाश जैन के सहयोग से संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि इस माह संस्था के माध्यम से तीन नेत्रदान एवं एक देहदान कराया जा चुका है।
सेवा प्रकल्पों के अंतर्गत स्वर्गीय प्रताप सिंह पोखरण की स्मृति में अन्नपूर्णा रसोई में 400 लोगों को मीठा भोजन कराया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण कोठारी ने अपने पुत्र के जन्मदिवस के अवसर पर मानव सेवा समिति में भोजन वितरण कराया।
सचिव सुरेश बड़ीवाल ने बताया कि स्थायी प्रकल्प के रूप में न्यू अहिंसा पुरी स्थित फिजियोथैरेपी सेंटर पर नियमित उपचार किया जा रहा है, जहां शहर में न्यूनतम दरों पर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस केंद्र पर फिजियोथैरेपिस्ट करिश्मा जैन सेवाएं दे रही हैं।
बैठक में केएल कोठारी, अजय सांखला, राजमल कोठारी, अशोक खुर्दिया, संयुक्त सचिव राजकुमार नलवाया सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। महावीर इंटरनेशनल उदयपुर द्वारा मानव सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सभी ने सराहना की।

