नशा मुक्त भारत अभियान के तहत डीपीएल कारगिल में निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता
कारगिल। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस कारगिल की ओर से शुक्रवार को डीपीएल कारगिल में विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महीनेभर चल रहे जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिले के 20 विद्यालयों को आमंत्रित किया गया था। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा और विचार अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक कारगिल ने विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति के स्तर और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने के लिए ऐसे मंच उपलब्ध कराना आवश्यक है। पुलिस की ओर से भविष्य में भी युवा पीढ़ी को ऐसे अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने के साथ कारगिल डिग्री कॉलेज में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 150 महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जिला पुलिस कारगिल ने कहा कि समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने और युवाओं को जागरूक बनाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार प्रयास जारी रहेंगे। पुलिस ने समुदाय की सेवा और युवाओं के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

