Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजनीतिराजस्थान

नाथद्वारा-आमेट में निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस मुस्तैद

Reported By : Padmavat Media
Published : September 8, 2026 7:10 PM IST
राजसमंद | क्राइम | चुनाव | पुलिस

नाथद्वारा-आमेट में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए पुलिस मुस्तैद

पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने चुनाव ड्यूटी में तैनात जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजसमंद। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में नगरपालिका नाथद्वारा एवं आमेट में 9 सितंबर को होने वाले मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए राजसमंद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। चुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की रिजर्व पुलिस लाइन राजसमंद में विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने जवानों को मतदान केंद्रों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ बंशीलाल, वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों तथा चुनाव ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों एवं जवानों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों एवं आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा मतदाताओं से शालीन व्यवहार करने को कहा गया। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने के निर्देश भी दिए गए।

संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सेक्टर एवं मोबाइल पार्टियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा निर्धारित सुरक्षा परिधि में निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

विवाद या आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई

ब्रीफिंग में निर्देश दिए गए कि मतदान केंद्र पर भीड़, विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित मोबाइल पार्टी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें। आवश्यकतानुसार संबंधित मजिस्ट्रेट से समन्वय स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित किया जाए।

चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्पक्षता के साथ कार्य करने तथा किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के पक्ष-विपक्ष में किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं करने के निर्देश दिए गए। मतदान शुरू होने से लेकर मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम के सुरक्षित रूप से संग्रहण केंद्र तक पहुंचने तक संबंधित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी और गश्त बनाए रखने को कहा गया।

पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा परिधि, आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई तथा वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर समन्वय के संबंध में भी जानकारी दी गई। चुनाव ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में करने के निर्देश दिए गए।

मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए जवान

ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को नगरपालिका नाथद्वारा एवं आमेट के निर्धारित मतदान केंद्रों और ड्यूटी स्थलों के लिए रवाना किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने का आह्वान किया गया।

राजसमंद पुलिस ने आमजन से चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, आदर्श आचार संहिता की पालना करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष के 02952-220712, व्हाट्सऐप नंबर 8764854100, पुलिस हेल्पलाइन 100/112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को दी जा सकती है।

Related posts

वल्लभ की कंचन कुंवर राजपूत ने 12 वीं कला वर्ग में 75.20 प्रतिशत बनाएं।

Padmavat Media

शर्मनाक: नाबालिग बेटी को होटल-पार्टियों में भेजता था शराबी पिता, सात महीने तक दुष्कर्म, हुई गर्भवती

Padmavat Media

धर्मों पर टिप्पणियां चिंताजनक, विरोध भी जरूरी लेकिन सकारात्मकता से हो

Leave a Comment

error: Content is protected !!