एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में सीबीआई ने सीजीएसटी अधीक्षक और सलाहकार को गिरफ्तार किया
नवी मुंबई । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के मामले में रायगढ़ स्थित केंद्रीय माल एवं सेवा कर तथा केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त कार्यालय के भूमि एवं भवन अनुभाग में पदस्थ अधीक्षक और एक सीजीएसटी सलाहकार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार उर्फ पंकज राजपूत, अधीक्षक, भूमि एवं भवन अनुभाग और प्रसाद कुमार स्वामी, सीजीएसटी सलाहकार के रूप में हुई है।
मामला निजी रियल एस्टेट कंपनी के न्यू पनवेल स्थित परियोजना प्रमुख की शिकायत पर 9 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार कंपनी न्यू पनवेल के सेक्टर 17 में स्थित दो इमारतों का पुनर्विकास कर रही थी। इन इमारतों में कुल 24 फ्लैट केंद्रीय माल एवं सेवा कर तथा केंद्रीय उत्पाद शुल्क, रायगढ़ आयुक्तालय के स्वामित्व में हैं। फ्लैटों के संबंध में स्थानीय प्राधिकरण से आवश्यक मंजूरियां पहले ही प्राप्त की जा चुकी थीं।
आरोप है कि पुनर्विकास के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र देने और फ्लैटों को पुनर्विकास के लिए सौंपने के बदले अधीक्षक ने एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान 10 सितंबर को कथित रूप से 10 लाख रुपये नकद, अधीक्षक द्वारा खरीदे गए एक फ्लैट के डाउन पेमेंट के रूप में 20 लाख रुपये तथा बाद में केंद्रीय माल एवं सेवा कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क के महानिदेशालय, मानव संसाधन विकास, नई दिल्ली के अन्य अधिकारियों के लिए 70 लाख रुपये देने की मांग किए जाने की बात सामने आई।
शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने 10 सितंबर को जाल बिछाकर कार्रवाई की। आरोप है कि अधीक्षक ने शिकायतकर्ता को 10 लाख रुपये की रिश्वत राशि मौके पर मौजूद सीजीएसटी सलाहकार को सौंपने के लिए कहा। इसके बाद सीबीआई टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को 11 सितंबर 2026 को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले में सीबीआई की आगे की जांच जारी है।

