Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
क्राइमराजस्थान

दोवड़ा थाना में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचे गए

Reported By : Padmavat Media
Published : January 29, 2026 10:23 AM IST

डूंगरपुर के दोवड़ा थाने के कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी डूंगरपुर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना दोवड़ा में पदस्थापित कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र पटेल तथा हेड कांस्टेबल अशोक कुमार पाटीदार को 1 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार एसीबी डूंगरपुर को शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादी को ऑनलाइन गेम के माध्यम से ठगी के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के अनुसार 18 जनवरी 2026 को परिवादी को पुलिस वाहन में बैठाकर थाना दोवड़ा ले जाया गया, जहां उसके मोबाइल की जांच कर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी गई। आरोप है कि मामले को दबाने और मोबाइल वापस देने के एवज में रिश्वत की मांग की गई।

परिवादी के भाई द्वारा आरोपी कांस्टेबल से मोबाइल पर संपर्क करने पर उसे थाने आकर मिलने के लिए कहा गया। इसके बाद एसीबी द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोपियों द्वारा 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेने पर सहमति प्रकट की गई।

सत्यापन के पश्चात 28 जनवरी 2026 को एसीबी डूंगरपुर की टीम ने पुलिस उप अधीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र पटेल एवं हेड कांस्टेबल अशोक कुमार पाटीदार को रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा उनसे पूछताछ एवं अग्रिम अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।

Related posts

साधक के जीवन में गुरु आवश्यक है – साध्वी डॉ.बिंदुप्रभा

Padmavat Media

ऊर्जा विभाग (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरे पर

Padmavat Media

सरदार पटेल विकास संस्थान राजस्थान के तत्वाधान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन।

Padmavat Media News

Leave a Comment

error: Content is protected !!