Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

जल योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं अधिकारी : मुख्य सचिव

Reported By : Padmavat Media
Published : September 8, 2026 6:21 PM IST
राजस्थान | जल जीवन मिशन | राज्य सरकार

जल योजनाओं की प्रगति में तेजी लाएं अधिकारी : मुख्य सचिव

हर घर जल प्रमाणीकरण, जल नल मित्र प्रशिक्षण और योजनाओं के संचालन-संधारण पर दिया जोर

जयपुर । मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (एसडब्ल्यूएसएम) की एपेक्स कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न जल एवं स्वच्छता योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी।

हर घर जल प्रमाणीकरण में तेजी के निर्देश

मुख्य सचिव ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य की प्रभावी पूर्ति के साथ संबंधित गांवों में प्रमाणीकरण की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

उन्होंने जल नल मित्रों के प्रशिक्षण को भी निर्धारित समय में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल नल मित्रों को आवश्यक प्रशिक्षण देकर ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन में उनकी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित की जाए।

जलापूर्ति योजनाओं के हस्तांतरण और रखरखाव पर जोर

मुख्य सचिव ने पूर्ण हो चुकी ग्रामीण नल जलापूर्ति योजनाओं को स्थानीय समुदायों को सौंपने के लिए अधिक संख्या में जलार्पण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्थाओं का विधिवत हस्तांतरण स्थानीय समुदायों को करने से योजनाओं के प्रति स्वामित्व और सहभागिता की भावना मजबूत होगी।

उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालन एवं रखरखाव संबंधी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं का निर्माण पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी दीर्घकालिक उपयोगिता और सतत संचालन-संधारण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित निगरानी और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख शासन सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग हेमंत गेरा, मिशन निदेशक, जल जीवन मिशन राजन विशाल, सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।

Related posts

ग्रेन एंड सीडस मर्चेंट एसोसिएशन के चुनाव आज संपन्न

Padmavat Media

ह्यूमन ग्लोरी फाउंडेशन ने भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर रक्तादन शिविर

मारवाड़ का भाईचारा एवं अपनापन विश्व के लिए पैगाम : गजसिंह

Leave a Comment

error: Content is protected !!