राष्ट्रीय संत आचार्य श्री पुलक सागर जी से पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत ने की भेंट – ‘क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान समारोह 2025’ हेतु सादर आमंत्रण
उदयपुर। पर्यटन विशेषज्ञ, होटल एसोसिएशन उपाध्यक्ष एवं मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के संगठन मंत्री यशवर्धन राणावत ने रविवार को राष्ट्रीय संत मनोज्ञाचार्य श्री पुलक सागर जी (ससंघ) से ससम्मान भेंट कर उन्हें आगामी ‘क्षत्रिय प्रतिभा सम्मान समारोह 2025’ के लिए सादर आमंत्रित किया।
यह भव्य आयोजन अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में आगामी 2 अगस्त 2025 को नगर निगम सभागार, टाउन हॉल, उदयपुर में दोपहर 3:15 बजे से आयोजित किया जाएगा। राणावत ने आचार्य श्री से निवेदन किया कि वे समारोह में ससंघ पधारकर क्षत्रिय समाज सहित समस्त अतिथियों को अपने दिव्य सान्निध्य एवं मंगल आशीर्वाद से कृतार्थ करें।
भेंट के दौरान यशवर्धन राणावत ने उदयपुर के पर्यटन विकास, सांस्कृतिक संवर्धन और सामाजिक उत्थान के लिए किए जा रहे नवाचारों एवं योजनाओं की जानकारी भी गुरुदेव को दी। इस पर आचार्य श्री पुलक सागर जी ने प्रसन्नता प्रकट करते हुए राणावत एवं उनकी टीम के प्रयासों की भूरी-भूरी सराहना की और उनके सभी कार्यों में सफलता हेतु अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
राणावत ने बताया कि यह सम्मान समारोह न केवल क्षत्रिय समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभावान व्यक्तित्वों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि समाज में आत्मगौरव, एकजुटता और प्रेरणा का संचार भी करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरुदेव की उपस्थिति से समारोह आध्यात्मिक उन्नयन और सामाजिक एकता का अद्वितीय संगम बनेगा।
इस गरिमामय आमंत्रण के माध्यम से राणावत ने समाज के सभी वर्गों को इस आयोजन में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यह क्षत्रिय समाज की उज्ज्वल छवि और सामाजिक योगदान को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

