Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
क्राइमराजस्थान

लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क को बड़ा झटका: 25 हजार का इनामी प्रदीप गुर्जर गुड़गांव से गिरफ्तार

Reported By : Padmavat Media
Published : November 28, 2025 9:56 AM IST
Updated : November 28, 2025 9:57 AM IST

लॉरेंस बिश्नोई नेटवर्क को बड़ा झटका: 25 हजार का इनामी प्रदीप गुर्जर गुड़गांव से गिरफ्तार

एजीटीएफ की गोपनीय कार्रवाई, पॉश सोसायटी में गार्ड बनकर दबोचा गैंग सरगना

जयपुर । एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स राजस्थान ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर बड़ा प्रहार करते हुए 6161 गैंग के सक्रिय सरगना और 25 हजार के इनामी हार्डकोर बदमाश प्रदीप गुर्जर को गुड़गांव की एक पॉश सोसायटी से गिरफ्तार किया है। प्रदीप गुर्जर पुत्र दाताराम निवासी रावतों की ढाणी वार्ड 15 कोटपूतली, लंबे समय से फरार चल रहा था और कई राज्यों में पुलिस को चकमा दे रहा था।

एडीजी एजीटीएफ दिनेश एमएन ने बताया कि प्रदीप गुर्जर कुख्यात 6161 गैंग का सक्रिय मास्टरमाइंड है, जो हाईवे पर होटलों में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के लिए कुख्यात है। गैंग की कमान भीलवाड़ा के हरी तंवर से होते हुए विनोद मांडली और फिर उसके बाद प्रदीप रावत तक पहुँची, जिसके साथ प्रदीप गुर्जर नेटवर्क का मुख्य ऑपरेटर बन गया। यह लॉरेंस बिश्नोई के नजदीकी सहयोगी सचिन ठापन के लिए महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा था और कोटपूतली, बहरोड़, बानसूर, भीलवाड़ा और गुड़गांव के युवकों को संगठित कर रहा था।

फायरिंग, रंगदारी और तीन दर्जन से अधिक संगीन अपराध
प्रदीप गुर्जर पर रंगदारी, बैंक लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास सहित तीन दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। सात गंभीर मामलों में फरार होने पर एसपी कोटपूतली-बहरोड़ द्वारा उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

150 CCTV फुटेज और हाई-इंटेलिजेंस ऑपरेशन
एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा के सुपरविजन में इंस्पेक्टर रामसिंह की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार को उसके गुड़गांव में छिपे होने की पुष्टि मिली। इसके बाद टीम ने लगभग 150 CCTV फुटेज खंगाले और इलाके की गहन रेकी की।

सूत्रों के अनुसार आरोपी गुड़गांव के खेड़कीदोला थाना क्षेत्र स्थित लग्जरी सोसायटी MR Palm Hill के एक फ्लैट में छिपा हुआ था।

गार्ड बनकर अंदर घुसी टीम, और दबोच लिया गैंगस्टर
एजीटीएफ की टीम ने सोसायटी के सभी नाकों पर घेराबंदी कर दी। हेड कांस्टेबल सुधीर ने गार्ड बनकर सोसायटी के अंदर रहकर पल-पल की मूवमेंट की जानकारी जुटाई। जैसे ही टीम को उसकी लोकेशन की पुष्टि हुई, रात के समय सोसायटी के फ्लैट पर सटीक कार्रवाई करते हुए प्रदीप गुर्जर को बिना एक गोली चले दबोच लिया गया।

एजीटीएफ टीम उसे गुड़गांव से गिरफ्तार कर कोटपूतली लेकर आई है, जहाँ उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और मामलों का खुलासा संभव है और गैंग के दूसरे सदस्यों तक पहुँचने में बड़ी सफलता मिल सकती है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा, इंस्पेक्टर रामसिंह नाथावत, हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार, महेश सोमरा, हेमंत शर्मा, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, दिनेश शर्मा, एसआई बनवारी लाल शर्मा, प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल महावीर सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, गोपाल धाबाई, विजय सिंह और गंगाराम की विशेष भूमिका रही।

Related posts

सराड़ा मुख्यालय पर निशुल्क पशु चिकित्सा,दवाई वितरण एवं परामर्श शिविर का किया आयोजन

Padmavat Media

आजादी का अमृत महोत्सव में राजस्थान के उदयपुर जिले की ऊषा मीणा का चयन हुआ

Padmavat Media

18 वर्षीय युवक की डूबने से हुई मौत, रेस्क्यू टीम शव की कर रही है तलाश

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!