पुलिस थाना सारोला कलां की बड़ी कार्यवाहीः 16 वर्षीय बालिका के अपहरण के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा के मार्गदर्शन में तथा वृत्ताधिकारी अकलेरा ब्रजेश कुमार के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस थाना सारोला कलां के थानाधिकारी बुद्धराम ने किया।
पुलिस के अनुसार 20 नवम्बर 2025 को थाना असनावर क्षेत्र के एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह किसी कार्य से असनावर गया हुआ था। घर पर उसका छोटा भाई एवं 16 वर्षीय बहन मौजूद थे। दोपहर करीब तीन बजे उसकी बहन छोटे भाइयों को दुकान से दूध लेने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिस पर थाना असनावर में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा आसूचना संकलन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपहरण के आरोपी का पता लगाया गया। पुलिस थाना सारोला कलां की टीम ने आरोपी को दस्तयाब कर डिटेन किया तथा विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी से बालिका के संबंध में गहन अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम मनोज पुत्र गिरधारीलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी गुडभेली, थाना बड़ोद, जिला आगर (मध्यप्रदेश) बताया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस थाना सारोला कलां से थानाधिकारी बुद्धराम के साथ कांस्टेबल भोजराज मीणा, महिला कांस्टेबल ज्योति, कांस्टेबल अजय, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा पुलिस थाना असनावर से कांस्टेबल सत्येन्द्र शामिल थे। विशेष भूमिका में कांस्टेबल भोजराज मीणा एवं कांस्टेबल अजय शामिल रहे।

