उदयपुर पर्यटन पर शहर के पर्यटन हितधारकों द्वारा प्रगतिशील बैठक ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट में सम्पन्न
उदयपुर । ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट, सुभाष नगर में उदयपुर पर्यटन के विकास पर केंद्रित एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सार्थक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता और संचालन होटल एसोसिएशन उदयपुर के उपाध्यक्ष एवं पर्यटन विशेषज्ञ यशवर्धन राणावत तथा पर्यटन प्रेमी एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियर प्रद्युम्न सिंह चौहान ने की।

लगभग ढाई घंटे चली इस बैठक में शहर के कई प्रमुख पर्यटन हितधारकों और उदयपुर प्रेमियों ने भाग लिया और विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा की। बैठक में सुप्रसिद्ध इतिहासकार डॉ श्रीकृष्ण जुगनू ने बहुत सुंदर व्याख्यान उदयपुर के इतिहास, संस्कृति और वर्तमान परिदृश्य पर किया, जिसे सभी सदस्यों ने बहुत सराहा।
बैठक में मुख्य रूप से निम्न विषयों पर विचार हुआ:
- आयड़ नदी और उससे जुड़े मुद्दे
- फतेहसागर झील पर नाइट मार्केट – फायदे और नुकसान
- नेहरू पार्क में किए गए कार्यों की समीक्षा
- खेलगांव में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों का विश्लेषण
- पिछोला झील में स्नान की समस्या – पर्यावरण व पर्यटन प्रभाव
- उदयपुर हेतु धैर्यपूर्ण और निरंतर दृष्टिकोण की आवश्यकता पर गहन विचार ।
सदस्यों ने केवल समस्याओं को रेखांकित ही नहीं किया, बल्कि उनके उपाय और दूरदर्शी सुझाव भी प्रस्तुत किए। इसी के आधार पर भविष्य की कार्ययोजना भी तय की गई।
इस बैठक में कई उच्च-स्तरीय गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिनमें मेजर दुर्गादास, अभिनव सिंह परिहार, अखंड प्रताप सिंह, आदित्य सिंह पंवार, संयम जैन, आशीष रामस्नेही, भूपेंद्र सिंह चौहान, सद्दाम खान, रतन टांक, चिन्मय दीक्षित, शक्तिपाल सिंह डोडिया, प्रवीन मेहता, मनोज प्रजापत और शक्ति सिंह इंडा शामिल थे।
बैठक का समापन एक सकारात्मक और प्रगतिशील माहौल में हुआ, जिसमें सभी ने उदयपुर पर्यटन के समग्र विकास हेतु पूरे मनोयोग और सामूहिक भाव से काम करने और उदयपुर प्रशासन का सकारात्मक रूप से हर समय तत्पर सहयोग करने का संकल्प लिया। हितधारकों ने कहा कि वे धरातल पर प्रशासन के लिए उचित गुणवत्ता हेतु निगरानी वाली आंख और कई हाथ के रूप में काम करेंगे।


1 comment
Appreciated