अधिकारों की जानकारी ही महिलाओं की सबसे बड़ी ताकत, ग्रामीण सेवा शिविर में कानूनी जागरूकता का संदेश
वल्लभनगर के दरौली गांव में आयोजित शिविर में महिलाओं को कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
वल्लभनगर/उदयपुर। ग्राम पंचायत दरौली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर महिलाओं के लिए अधिकारों की जानकारी, कानूनी संरक्षण और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का प्रभावी मंच बना। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रणथम्भौर सेवा संस्थान, नाथद्वारा द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, वल्लभनगर की ओर से महिलाओं एवं ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की विधिक परामर्शदाता केसी पटेल ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, बाल विवाह, महिला अधिकारों एवं कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र में पारिवारिक विवादों एवं महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों में परामर्श, समझाइश, कानूनी मार्गदर्शन तथा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित महिलाओं को संबंधित विभागों एवं न्यायालयीन प्रक्रिया में भी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रत्येक महिला का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। जागरूक महिला न केवल स्वयं सुरक्षित रहती है, बल्कि परिवार और समाज को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न, भेदभाव या अन्याय की स्थिति में चुप न रहने तथा तुरंत संबंधित विभाग और हेल्पलाइन सेवाओं से संपर्क करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आपातकालीन सहायता के लिए 112, 1098, 1090 एवं 181 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर, पन्नाधाय सम्मान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा लाड़ो प्रोत्साहन योजना की विस्तृत जानकारी देकर पात्र महिलाओं एवं बालिकाओं से इनका अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की गई।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

