Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

कोटड़ा के देहरी गांव में महिला जागरूकता शिविर, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

Reported By : Padmavat Media
Published : July 13, 2026 2:00 PM IST
महिला जागरूकता अभियान | ग्रामीण सेवा शिविर

महिला जागरूकता शिविर में अधिकारों, कानूनी संरक्षण और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

कोटड़ा के देहरी गांव में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र का जागरूकता अभियान, महिलाओं को कानून, हेल्पलाइन और जनकल्याणकारी योजनाओं से किया गया अवगत

कोटड़ा/उदयपुर ब्लॉक कोटड़ा की ग्राम पंचायत देहरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर महिलाओं के लिए जागरूकता, अधिकारों की जानकारी एवं कानूनी मार्गदर्शन का प्रभावी मंच बना। जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रूरल हेल्थ एजुकेशन संस्थान द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना कोटड़ा की ओर से महिलाओं को विभिन्न कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

शिविर में महिला अधिकारिता विभाग की ब्लॉक सुपरवाइजर चंचल पसात तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, कोटड़ा थाना की विधिक परामर्शदाता रवीना चौहान ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को घरेलू हिंसा अधिनियम, सखी वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र में आने वाले पारिवारिक विवादों, विशेष रूप से पति-पत्नी के बीच उत्पन्न मतभेदों का समाधान संवाद, समझाइश एवं काउंसलिंग के माध्यम से कराने का प्रयास किया जाता है। आवश्यकता होने पर पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता एवं न्यायालयीन प्रक्रिया में भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।

रवीना चौहान ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक महिला न केवल स्वयं सशक्त बनती है, बल्कि परिवार और समाज को भी सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के अत्याचार, उत्पीड़न, हिंसा या भेदभाव की स्थिति में मौन न रहें और बिना किसी संकोच के महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें।

शिविर के दौरान महिलाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना, शिक्षा सेतु योजना एवं काली बाई भील उड़ान योजना की जानकारी देते हुए योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों से अवगत कराया गया। साथ ही माहवारी स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा करते हुए महिलाओं एवं किशोरियों को सैनिटरी नैपकिन के नियमित उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की साथिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Related posts

वरिष्ठ नागरिकों के लिये रोडवेज बसों में रियायती यात्रा के लिए सलूम्बर पंचायत समिति में आयोजित हुआ शिविर 276 वरिष्ठ नागरिकों के बनाए रियायती पास सलूम्बर ।

Padmavat Media

जावर माइंस के जिंक प्रबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप, पांच पंचायतों के सरपंच ने उदयपुर कलेक्ट्री पहुँच सौंपा ज्ञापन

Padmavat Media

कांस्टेबल भुराराम सारण ने रक्तदान कर बचाई जान।

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!