भाण्डवपुर जैन महातीर्थ में गुरुसप्तमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ
भाण्डवपुर तीर्थ। भाण्डवपुर जैन महातीर्थ में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी गुरुसप्तमी पर्व का भव्य शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। यह पर्व दादा गुरुदेव राजेन्द्र सूरीश्वर की जन्म जयंती एवं स्वर्गारोहण तिथि पौष कृष्णा गुरुसप्तमी के अवसर पर 25, 26 एवं 27 दिसंबर तक त्रिदिवसीय महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर दोपहर में महावीर 52 जिनालय में महावीर पंच कल्याणक पूजा विधिवत रूप से संपन्न कराई गई। गुरुसप्तमी महोत्सव का आयोजन पुण्यसम्राट विजय जयन्तसेन सूरीश्वर की परंपरागत गच्छ में, वर्तमान गच्छाधिपति नित्यसेन सूरीश्वर तथा भाण्डवपुर तीर्थोद्धारक जयरत्न सूरीश्वर की आज्ञानुवर्ती शिष्य परंपरा के सान्निध्य में आरंभ हुआ। इस अवसर पर मुनिराज अशोकविजय, आनंदविजय सहित साधु-साध्वीवृंद की उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत की गई।
गुरुसप्तमी पर्व के उपलक्ष्य में तीर्थ क्षेत्र के सभी मंदिरों को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। सायंकाल प्रभु भक्ति एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई और भक्ति भाव से दर्शन लाभ लिया।
त्रिदिवसीय गुरुसप्तमी महोत्सव का संपूर्ण आयोजन गुरुसप्तमी पर्व आयोजन समिति, भाण्डवपुर द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार आगामी दो दिनों में भी विविध धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही 27 दिसंबर को समीपवर्ती बाकरा गांव में भी गुरुसप्तमी पर्व मनाया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन लाभ लेने पहुंचेंगे।

