Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
राजस्थान

टीडी स्कूल में पौधारोपण के साथ नारी सम्मान और सुरक्षा का संदेश

Reported By : Padmavat Media
Published : August 15, 2026 10:52 AM IST
पर्यावरण संरक्षण • महिला सुरक्षा • जनजागरूकता

टीडी स्कूल में पौधारोपण के साथ नारी सम्मान और सुरक्षा का संदेश

एक पेड़ मां के नाम अभियान से पर्यावरण संरक्षण को जोड़ा,
छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, दहेज, साइबर अपराध और घरेलू हिंसा के प्रति किया जागरूक

उदयपुर। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से जतन संस्थान की ओर से संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र नाई के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टीडी में पौधारोपण एवं महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय परिसर में छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला सम्मान और सुरक्षा का संदेश भी दिया गया। शिक्षिकाओं सुनीता शर्मा, ममता जैन, लता परमार, प्रियंका परमार, शारदा शर्मा, अनीता सेन, गीता डामोर और गंगा मीणा सहित छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र नाई की विधिक परामर्शदाता अनिता प्रजापत ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को बाल विवाह, दहेज, साइबर अपराध और घरेलू हिंसा से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित सहायता के लिए 181 महिला हेल्पलाइन और 1090 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी दी।

एक पेड़ मां के नाम से मातृशक्ति के सम्मान का संदेश

विद्यालय के शंकर लाल मीणा ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां की स्मृति में एक पौधा लगाना चाहिए। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृशक्ति के सम्मान का भी प्रतीक है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की उप प्रधानाचार्य अर्चना चौहान ने आयोजन के लिए जतन संस्थान और महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नारी सुरक्षा को एक साथ जोड़कर विद्यार्थियों में जागरूकता पैदा करने का यह प्रयास भविष्य के लिए प्रेरणादायी है। विद्यालय की ओर से ऐसे कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Related posts

राजपुरोहित के जन्मदिन पर फूल मालाओं से किया भव्य स्वागत

Padmavat Media

आज से शिडयुल उदयपुर से अहमदाबाद ट्रेन का समय सारणी

Padmavat Media

चार राज्यो में प्रचंड बहुमत से भाजपा की जीत पर नव गठित मण्डल नयागांव में आतिशबाजी कर मनाई खुशी

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!