Padmavat Media
महत्वपूर्ण सूचना
हरियाणा

हरियाणा पुलिस का ऑपरेशन ट्रैकडाउन: चार दिन में 1,253 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

Reported By : Padmavat Media
Published : August 6, 2026 4:30 PM IST
अपराध नियंत्रण | हरियाणा पुलिस

स्वतंत्रता दिवस से पहले हरियाणा पुलिस का बड़ा अभियान, चार दिन में 1,253 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत 204 गंभीर अपराधियों पर कार्रवाई, 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट और 18 नए हिस्ट्रीशीटर चिन्हित

चंडीगढ़। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत अपराधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए महज चार दिनों में 1,253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 1,196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जबकि 204 गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया। इसके साथ ही 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट की गईं तथा 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई।

हरियाणा पुलिस का यह विशेष अभियान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों तथा अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। जिला पुलिस, अपराध शाखा, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और अन्य विशेष इकाइयों की संयुक्त कार्रवाई से अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।

अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति : डीजीपी अजय सिंघल

पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और प्रदेशवासियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। किसी भी गंभीर अपराध में शामिल व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों तथा विशेष इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि वांछित, फरार और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए।

गंभीर अपराधों में 204 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस महानिरीक्षक, राज्य अपराध शाखा राकेश आर्य ने बताया कि अभियान के दौरान गंभीर अपराधों पर विशेष फोकस किया गया। चार दिनों में 151 गंभीर मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आर्म्स एक्ट के 55 मामलों में 59 आरोपी, हत्या के प्रयास के 34 मामलों में 63 आरोपी, हत्या के 23 मामलों में 26 आरोपी, लूट के 14 मामलों में 20 आरोपी, स्नैचिंग के 9 मामलों में 17 आरोपी, फिरौती के 6 मामलों में 6 आरोपी, अपहरण के 6 मामलों में 5 आरोपी तथा डकैती के 3 मामलों में 7 आरोपी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य श्रेणी के 1,045 मामलों में 1,049 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।

हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी होगी और सख्त

अभियान के दौरान पुलिस ने 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 143 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को और अधिक मजबूत बनाया। इससे ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा भविष्य में उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। सभी जिला पुलिस इकाइयों, अपराध शाखाओं, एसटीएफ और विशेष टीमों को फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, अवैध हथियारों की बरामदगी तथा संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस का लक्ष्य प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर नागरिकों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related posts

आईडीएफसी बैंक धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, नरेश कुमार गिरफ्तार

Padmavat Media

कुरुक्षेत्र में हरियाणा रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर पलटी, कई यात्री घायल

Padmavat Media

1 साल में 9 लोगों से किया प्यार, फिर रेप केस में फंसाकर ब्लैकमेलिंग… महिला की करतूत से चकराया हाई कोर्ट भी

Padmavat Media

Leave a Comment

error: Content is protected !!